Jamshedpur : रजत जयंती वर्ष समारोह “सृजन से सम्मान तक” अभियान के अंतर्गत मारवाड़ी युवा मंच – स्टील सिटी शाखा, टाटानगर की ओर से रविवार को पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल के सम्मान में डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में आम की 60 विभिन्न किस्मों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर का निर्माण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इस सेवा कार्य का प्रयोजन शाखा के सदस्य सौरभ अग्रवाल (महावीर स्टोर, आस्था कमर्शियल, मानगो) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष आकाश मोदी, सचिव अनिमेष छापोलिया, संयोजक सौरभ अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल तथा निरंजन अग्रवाल सहित शाखा के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि शाखा अध्यक्ष आकाश मोदी के बच्चों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और समाज को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
अभियान के समापन पर सभी सदस्यों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया तथा समाज के लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और स्वच्छता अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।









