बढ़ती गर्मी में राहत: हरहरगुड्डू व घाघीडीह में निःशुल्क पेयजल वितरण शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए हरहरगुड्डू एवं घाघीडीह क्षेत्र में शुक्रवार को एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई। पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष Bari Murmu ने तारापोर कंपनी के पानी टैंकर का विधिवत नारियल फोड़कर एवं अगरबत्ती दिखाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही Jusco के शुद्ध पेयजल का निःशुल्क वितरण प्रारंभ किया गया।

इस दौरान सैकड़ों स्थानीय लोग गैलन, जार और बाल्टी लेकर कतारबद्ध नजर आए। सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराकर उनकी प्यास बुझाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम से पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से बारी मुर्मू को पगड़ी एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू ने बताया कि जिला उपायुक्त Kan Satyarthi, जुस्को के महाप्रबंधक आर. के. मिश्रा तथा तारापोर कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर पानी टैंकर के माध्यम से निःशुल्क जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद क्षेत्रों की पहचान कर पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की संयुक्त कमेटी बनाकर नियमित रूप से जलापूर्ति की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि बागबेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में श्राद्ध, शादी समारोह जैसे आयोजनों में भी प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारने के प्रयास जारी रहेंगे, ताकि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि बारी मुर्मू के सतत प्रयासों से इस वर्ष हरहरगुड्डू, घाघीडीह, सोमाय झोपड़ी, प्रेम कुंज चौक और बागबेड़ा क्षेत्र में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रभा हांसदा, संतोष ठाकुर, ममता लाल, करुणा दास, कृष्णचंद्र पात्रों, अशोक मिश्रा, सौरभ प्रधान, रेखा माहली, दिवाकर पांडे, सुनील नामता, मनीष सिंह, बेबी मुखी, रवि माहली, मंगल लागूरी सहित सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.