Jadugoda : जादूगोड़ा के मेचूआ गांव में जूनियर ब्वायज क्लब की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर एक दिवसीय फ्लड लाइट फुटबॉल महाकुंभ का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस खेल आयोजन में क्षेत्र की 32 टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता का उद्घाटन झामुमो जिला मुख्य संयोजक बाघ राय मार्डी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
फ्लड लाइट की रोशनी में आयोजित इस फुटबॉल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच के दौरान रोमांचक मुकाबलों पर दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पूरा मैदान गूंजता रहा। देर रात तक बड़ी संख्या में खेल प्रेमी आयोजन स्थल पर डटे रहे।
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले महिलाओं द्वारा पारंपरिक नागड़े नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। ग्रामीण संस्कृति और खेल भावना का अनूठा संगम आयोजन में देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में जूनियर ब्वायज क्लब के सदस्यों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के खेल आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और गांव में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।











