Jamshedpur : प्रखंड के मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कोल्हान के प्रसिद्ध पांच दिवसीय हरिणा मेला का शुभारंभ सोमवार से होगा। मेला आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी और प्रशासनिक अधिकारी मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए अंतिम तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सोमवार सुबह पातभोक्ता अनुष्ठान के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। मेला में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पुजारियों और पातभोक्ताओं को वितरित किए गए अंगवस्त्र
मेला शुरू होने से एक दिन पूर्व पोटका विधायक Sanjeev Sardar ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए हरिणा मंदिर के पुजारियों एवं पातभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे कई दशकों से मेला प्रारंभ होने से पूर्व पुजारियों एवं पातभोक्ताओं को वस्त्र भेंट करते आ रहे हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
विधायक ने बताया कि मेला के उद्घाटन दिवस पर श्रद्धालुओं एवं पातभोक्ताओं के बीच चना-गुड़ और शरबत का वितरण भी किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
रविवार को विधायक संजीव सरदार ने हरिणा पहुंचकर मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी के सदस्यों के साथ बैठक की और मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर धाम आज एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। हरिणा मेला में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए प्रशासन और मेला समिति के बीच बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान मुख्य पुजारी सह ग्राम प्रधान बज्रांकन दंडपात, आश्रम कमिटी अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपात, राकेश दंडपात तथा मेला समिति के सितांसु नायक, रशानंद सीट, अनिरुद्ध नायक, अमल सीट, खिरोद सीट, सरोज सीट, सूरज नायक, अमित कालिंदी, सनातन सरदार समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








