विधायक पूर्णिमा साहू के प्रयास सफल, 19 जून को लाभुकों को सौंपे जाएंगे पीएम आवास

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हजारों लाभुकों के लिए लंबे इंतजार के बाद खुशखबरी आई है। विधायक पूर्णिमा साहू के निरंतर प्रयासों और लगातार की गई पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। आगामी 19 जून को आयोजित होने वाले विशेष समारोह में लाभुकों को उनके आवास की चाबी सौंपते हुए गृह प्रवेश कराया जाएगा।

इस संबंध में विधायक पूर्णिमा साहू लगातार नगर विकास विभाग के अधिकारियों, विभागीय सचिव तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के संपर्क में बनी हुई थीं। उन्होंने आवास आवंटन में हो रही देरी का मुद्दा विधानसभा से लेकर विभिन्न विभागीय बैठकों तक प्रमुखता से उठाया। हाल ही में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक में भी उन्होंने इस विषय को मजबूती से रखते हुए लाभुकों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराने की मांग की थी।

14 जून को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और विभागीय सचिव से हुई बातचीत के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू को जानकारी दी गई कि 19 जून को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को आधिकारिक रूप से आवास सौंप दिया जाएगा। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी उपस्थित रहेंगे।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तत्कालीन सरकार द्वारा बिरसानगर आवासीय परियोजना में 9592 फ्लैटों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना देख रहे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों का सपना अब साकार होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को उनका अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। लंबे समय से आवास मिलने की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को अब अपने घर में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण होगा।

विधायक ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने इस दिशा में सहयोग के लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की सकारात्मक पहल से हजारों परिवारों के जीवन में नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

19 जून को आयोजित होने वाला गृह प्रवेश समारोह बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए बहुप्रतीक्षित अवसर साबित होगा, जहां वर्षों के इंतजार के बाद उन्हें अपने सपनों का आशियाना मिलेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.