Jadugoda : पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत चंदनपुर गांव में करीब एक माह से चल रहा 25 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित जाहेरथान घेराबंदी निर्माण का विवाद आखिरकार सुलझ गया। समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) के परियोजना निदेशक द्वारा बहुमत के आधार पर गठित लाभुक समिति को निर्माण कार्य का कार्यादेश सौंपे जाने के साथ ही लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त हो गया।

परियोजना निदेशक ने लाभुक समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम को जाहेरथान घेराबंदी निर्माण कार्य का आधिकारिक कार्यादेश प्रदान किया। कार्यादेश मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। गांव के लोगों ने लाभुक समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम एवं सचिव जादू हेंब्रम का मिठाई खिलाकर स्वागत किया और इस निर्णय का स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, विवाद के समाधान के लिए पोटका प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह की मौजूदगी में चंदनपुर गांव में तीसरी बार ग्राम सभा आयोजित की गई थी। ग्राम प्रधान रामेश्वर हेंब्रम की अध्यक्षता में आयोजित इस ग्राम सभा में ग्रामीणों की राय और बहुमत के आधार पर निर्णय लिया गया।
ग्राम सभा के दौरान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने जाहेरथान निर्माण कार्य का कार्यादेश लाभुक समिति के अध्यक्ष मोकरो हेंब्रम, सचिव जादू हेंब्रम तथा कोषाध्यक्ष सिंगराई हांसदा को सौंपा। बताया गया कि संबंधित ग्राम सभा का आयोजन 8 मई 2025 को किया गया था, जिसकी अध्यक्षता भी ग्राम प्रधान रामेश्वर हेंब्रम ने की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि जाहेरथान आदिवासी समाज की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में घेराबंदी निर्माण कार्य शुरू होने से न केवल धार्मिक स्थल का संरक्षण होगा, बल्कि इसकी गरिमा और सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
विवाद समाप्त होने के बाद अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाएगा।








