Saraikela : जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने कुचाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध महुआ शराब भी बरामद की गई।
उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को कुचाई थाना अंतर्गत ग्राम जिलिंग्दा में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने चार अवैध चुलाई भट्टियों को चिन्हित कर नष्ट कर दिया। साथ ही मौके से लगभग 1300 किलोग्राम जावा महुआ तथा 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बरामद अवैध सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर नष्ट कर दिया गया है। वहीं अवैध शराब निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे में इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।









