Guwa : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुआसाईं सरना स्थल स्थित सीआरसी सेंटर में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण और हरित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से कलाकारों ने पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश दिया। नाटक में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, जल प्रदूषण, प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग और पर्यावरण असंतुलन से उत्पन्न खतरों को दर्शाते हुए लोगों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

नुक्कड़ नाटक को ग्रामीणों ने काफी सराहा। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर गुआ पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागूरी, गुआ पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमुनि लागूरी तथा सीआईएसएफ के प्रताप बोस विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
मुखिया चांदमुनि लागूरी ने ग्रामीणों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। वहीं पद्मिनी लागूरी ने कहा कि स्वच्छ जल और स्वच्छ हवा स्वस्थ जीवन का आधार हैं, इसलिए पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन ने ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया









