Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्रिंग बैक इंडियन कल्चर फाउंडेशन द्वारा बिरसानगर लालटांड स्थित प्रशिक्षण कार्यालय से लोयला स्कूल, टेल्को तक भव्य पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। बच्चों ने पर्यावरण जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के तहत लोयला स्कूल के समक्ष विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। नाटक में पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, जल संकट और वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को जागरूक किया गया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और सामाजिक संदेश से भरपूर प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है और पर्यावरण संरक्षण हमारे जीवन मूल्यों एवं संस्कारों का अभिन्न हिस्सा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां पूरी मानवता के सामने गंभीर संकट के रूप में खड़ी हैं। ऐसे में बच्चों के माध्यम से चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान अत्यंत प्रेरणादायी और सराहनीय है। जब नई पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होगी, तभी एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भारत का निर्माण संभव हो सकेगा।
दिनेश कुमार ने ब्रिंग बैक इंडियन कल्चर फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन आवश्यक है।

कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक कृष्णकांत राय, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सागर राय, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी अखिलेश सिंह, संस्था के सदस्य संतोष राय, अमित राम, अंजलि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।









