मानगो उलीडीह खनका रोड पर गिरा बिजली का पोल, 24 घंटे से ठप है आवागमन – विभाग बना मौन दर्शक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो उलीडीह स्थित खनका रोड पर बीते 24 घंटे से एक बिजली का पोल गिरा हुआ है, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने इस बाबत बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार सूचना दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें कीचड़युक्त और फिसलन भरी हो गई हैं। ऐसे में गिरे हुए बिजली के पोल और खुले तारों के बीच से गुजरना स्थानीय निवासियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों को बिजली के झटके लगने की आशंका सताने लगी है।

स्थानीय नागरिकों ने यह जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विकास सिंह ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को गिरे हुए पोल की तस्वीर भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा स्थानीय लोग जान हथेली पर रखकर सड़क पार कर रहे हैं। विभाग कहां है, यह किसी को नहीं पता। यह लापरवाही नहीं, बल्कि सीधा जनता की जिंदगी से खिलवाड़ है।


विकास सिंह ने विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया कि इस जानलेवा स्थिति को तुरंत समाप्त किया जाए और बिजली के पोल को ठीक कर सड़क पर आवागमन बहाल किया जाए।

स्थानीय लोगों में विभाग की निष्क्रियता को लेकर नाराजगी व्याप्त है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें