पूर्व मध्य क्षेत्र बीमा कर्मचारी संघ का सातवां त्रैवार्षिक सम्मेलन जमशेदपुर में शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर,।
पूर्व मध्य क्षेत्र बीमा कर्मचारी संघ (ECZIEA) का दो दिवसीय सातवां त्रैवार्षिक सम्मेलन बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में ध्वजारोहण के साथ आरंभ हुआ। ECZIEA के अध्यक्ष कॉ. प्रदीप मुखर्जी ने ध्वज फहराया, जबकि सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ (AIIEA) के महामंत्री कॉ. श्रीकांत मिश्रा ने किया।

उद्घाटन भाषण में कॉ. मिश्रा ने देश की मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थिति पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि बीमा प्रीमियम पर लगाए गए जीएसटी के खिलाफ AIIEA के आंदोलन की सफलता संगठित प्रयासों का नतीजा है, जिसके कारण सरकार को स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर से जीएसटी हटाना पड़ा। साथ ही उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आज समाज में विभाजन और हर असहमति को राष्ट्रविरोधी ठहराने की प्रवृत्ति खतरनाक है।

कॉ. मिश्रा ने बीमा विधेयकों में संशोधन, 100% एफडीआई और एलआईसी के पुनः विनिवेश के प्रयासों का विरोध करने का आह्वान भी किया। सम्मेलन में ECZIEA के महामंत्री कॉ. त्रिनाथ डोरा ने कार्यकारिणी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर प्रतिनिधियों ने गहन चर्चा की।

विशिष्ट अतिथि AIIEA के कोषाध्यक्ष कॉ. बी. एस. रवि ने देश की आर्थिक नीतियों, एलआईसी की उपलब्धियों और सरकार-प्रबंधन की दृष्टि पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बीमा कर्मचारी संघ जमशेदपुर मंडल के अध्यक्ष अमित माइती और महा सचिव सुभाष कर्ण भी मौजूद रहे।

बिहार, झारखंड और उड़ीसा से आए लगभग 250 प्रतिनिधि और पर्यवेक्षक सम्मेलन में शामिल हुए। यह दो दिवसीय सम्मेलन  21 सितंबर तक जारी रहेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें