Jamshedpur : जयपाल कॉलोनी से बालीगुमा टंकी तक पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान करंट लगने से मृत मजदूर चेतन यादव के परिजनों को ठेकेदार की ओर से 10 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया। गिरिडीह से आए प्रतिनिधियों एवं दोनों परिवारों की मौजूदगी में मुआवजा राशि का वितरण किया गया।
मृतक चेतन यादव गिरिडीह जिले के पेशम पंचायत अंतर्गत पेशम गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी कौशल्या देवी और दोनों पुत्रों को लेकर पेशम पंचायत की मुखिया रागिनी सिंहा के प्रतिनिधि मनीष सिंह जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान पूर्व मुखिया गोपाल प्रसाद वर्मा तथा गद्दी पंचायत की मुखिया गुलाबती देवी के पति दिनेश यादव भी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में मुआवजा राशि का वितरण किया गया।
मुआवजे के रूप में एक लाख रुपये नकद, छह लाख रुपये का एक चेक तथा तीन लाख रुपये का दूसरा चेक मृतक के दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति से सौंपा गया।
बताया गया कि ठेकेदार पर दबाव बनाकर मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने में जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, बिकास साहनी, पिंटू सिंह, दिनेश कुमार, बीरू सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने विधायक सरयू राय से दूरभाष पर संपर्क कर बताया कि मृतक उनके विधानसभा क्षेत्र का निवासी था और अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखता था। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद मुआवजा दिलाने में प्रशासन और ठेकेदार की ओर से विलंब किया जा रहा है तथा इस मामले में सहयोग का अनुरोध किया।
विधायक सरयू राय के पटना प्रवास पर रहने के बावजूद उन्होंने अपने पार्टी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए और मुआवजा मिलने तक पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे। मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक का परिवार एवं गिरिडीह से आए प्रतिनिधि अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।









