डुमरिया को मिलेगा 30 बेड का हाईटेक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 18 अगस्त को मंत्री इरफान अंसारी करेंगे उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका विधायक संजीव सरदार के प्रयास से डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का उद्घाटन 18 अगस्त को होगा। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी विधिवत रूप से अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे। विधायक संजीव सरदार के आग्रह पर मंत्री उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। यह जानकारी झामुमो डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन ने दी।

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया में सीएचसी का दावा

प्रेस वार्ता में मिर्जा सोरेन ने दावा किया कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे प्रखंड की करीब 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताया।

24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा

सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी के अनुसार, नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड के साथ आवश्यक रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (NCD) की जांच एवं सेवाएं तथा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल का संचालन 24 घंटे किया जाएगा।

अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी। यहां टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए हाईटेक एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, कोषाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू, भगत हांसदा, सुरेश हेंब्रम, दुला मुर्मू, दुर्गा चरण टुडू, सिदाम मुर्मू, रामदास हेंब्रम, तानो मार्डी समेत अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.