Potka : पोटका विधायक संजीव सरदार ने रांची स्थित मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा डुमरिया, पोटका सीएचसी समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के उद्घाटन का आग्रह किया। विधायक के आग्रह पर स्वास्थ्य मंत्री ने सहमति जताते हुए स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन समारोह में शामिल होने की बात कही।
मुलाकात के दौरान विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंत्री से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में डुमरिया में अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से डुमरिया समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

















