आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण, जंक्शन बनाने की तैयारी को लेकर DRM ने परखी व्यवस्थाएं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur :चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण कुमार हुरिया ने मंगलवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आदित्यपुर स्टेशन को एक बड़े जंक्शन के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रही तैयारियों की समीक्षा करना तथा निकट भविष्य में यहां से शुरू होने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेनों की व्यवस्थाओं का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान DRM ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यार्ड, सिग्नलिंग सिस्टम और सुरक्षा से जुड़े तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी समय में आदित्यपुर से कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रस्तावित है, ऐसे में प्लेटफॉर्म विस्तार, सिग्नलिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।

DRM तरुण कुमार हुरिया ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आदित्यपुर स्टेशन का समग्र विकास जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नई ट्रेनों के ठहराव और सुचारु संचालन में किसी भी प्रकार की तकनीकी या संरचनात्मक कमी नहीं रहनी चाहिए।

मीडिया से बातचीत में DRM ने बताया कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को एक ‘वृहद जंक्शन’ के रूप में स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि जंक्शन बनने के बाद स्टेशन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा और यहां से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए सीधी ट्रेन सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के इस कदम से न सिर्फ आदित्यपुर बल्कि पूरे कोल्हान और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.