जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क हादसे रोकने पर जोर, ब्लैक स्पॉट सुधार और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

SHARE:

Adityapur : जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन, ब्लैक स्पॉट सुधार, अवैध पार्किंग नियंत्रण तथा यातायात अनुशासन को सुदृढ़ बनाने को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, यातायात निरीक्षक, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अप्रैल 2026 में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14 लोगों की मौत तथा 19 लोग घायल हुए। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 31 लाख 94 हजार 250 रुपये जुर्माना वसूला गया।

उपायुक्त ने सभी दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, जिग-जैग बैरिकेडिंग, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर अवैध कट पॉइंट बंद करने तथा ऐसे स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।

राजनगर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एनएच-220 के कार्यपालक अभियंता को विशेष कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा सुरक्षा उपकरण लगाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में चौका-खूंटी-बंसा रोड के गड्ढों को जल्द दुरुस्त करने तथा निर्माणाधीन सड़क एवं पुलिया कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिया गया।

चौका, कांड्रा एवं आदित्यपुर क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े बड़े वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं गम्हरिया-आदित्यपुर क्षेत्र में शाम के समय बड़े वाहनों के प्रवेश पर ट्रायल आधार पर नो एंट्री लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि यातायात व्यवस्था और आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष टीम गठित कर परीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

बैठक में संबंधित विभागों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यालयों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंधन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित हो सके।

Leave a Comment

और पढ़ें