सरायकेला में कांग्रेस की सांगठनिक बैठक, संगठन विस्तार और मतदान पुनरीक्षण पर हुई चर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में संगठन की मजबूती को लेकर एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार, सांगठनिक गतिविधियों तथा भारत निर्वाचन आयोग की ‘विशेष गहन पुनरीक्षण मतदान’ प्रक्रिया को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं कोल्हान संभाग के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राज बागची ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। साथ ही आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण मतदान प्रक्रिया को लेकर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष तरुण दे, देबू चटर्जी, के.पी. सोरेन, संगीता प्रधान, तस्लीमा मलिक, परमिंदर मिश्रा, ब्रिजेश सिंह और राणा सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों ने बैठक में भाग लिया।

युवा कांग्रेस की ओर से जिला अध्यक्ष राजा राम पाड़ेया और ईचागढ़ विधानसभा अध्यक्ष विनय मुर्मू भी बैठक में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपेंद्र गिरी, बुद्धेश्वर मांझी, पशुपति सिंह सरदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनौतियों का एकजुट होकर सामना करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.