Jamshedpur : लगातार हो रही बारिश के कारण डिमना बस्ती में एक गरीब परिवार का मिट्टी का खपरैल मकान ढह गया। हादसे में घर में रखा कई सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार के सामने रहने और आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो नेता उज्ज्वल दास डिमना बस्ती पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मकान गिरने से हुए नुकसान का जायजा लिया और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
उज्ज्वल दास ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। मकान गिरने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने के लिए जल्द ही मानगो अंचल के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मौके पर हैप्पी तुतुबाई, सूरज गौड़, मकसूद अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद थे।
















