उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनीं 60 से अधिक शिकायतें, कई मामलों का हुआ तत्काल समाधान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आम जनता को राहत, संबंधित विभागों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जमशेदपुर। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। यह आयोजन आम जनता को प्रशासनिक तंत्र से जोड़ने और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था।

जन शिकायत निवारण दिवस में इस बार जिले भर से 60 से अधिक नागरिक पहुंचे, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। इनमें प्रमुख रूप से चौकीदार की दूसरी सूची जारी करने की मांग, एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, भूमि विवादों का निपटारा, पेंशन संबंधित अड़चनें, अवैध कब्जा हटाने, रास्ता अवरुद्ध करने वाले निर्माण कार्य, निजी विद्यालयों में बीपीएल परिवारों के बच्चों का नामांकन, अमीन द्वारा मापी न किए जाने की शिकायतें, प्रखंड स्थानांतरण, स्कूल फीस माफी जैसे अनेक जनहित के विषय शामिल रहे।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक आवेदन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई तत्काल प्रारंभ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले को अनदेखा न किया जाए और सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए।इस मौके पर कई शिकायतों का ऑन स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे उपस्थित नागरिकों में संतोष का भाव देखा गया।

उपायुक्त ने कहा,

“जन शिकायत निवारण दिवस जनता से सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। हम यही प्रयास कर रहे हैं कि एक ही मंच पर उनकी शिकायतों की सुनवाई हो और त्वरित समाधान भी उपलब्ध हो।”

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई आवेदनों की प्राथमिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की।जन शिकायत निवारण दिवस की यह पहल आम जनता और प्रशासन के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशासन द्वारा इस प्रकार की पहल से आम जनता को न केवल राहत मिल रही है, बल्कि शासन के प्रति भरोसा भी बढ़ रहा है।

The specified slider id does not exist.