BJP Jamshedpur : जमशेदपुर की जन समस्याओं को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल सक्रिय, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जमशेदपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।



ज्ञापन में ब्राउन शुगर, गांजा, शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, ट्रैफिक अव्यवस्था, बिना परमिट चल रही बसें, सड़क किनारे अवैध पार्किंग, जलनिकासी और कचरा प्रबंधन, बिजली की जर्जर व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, पेंशन वितरण में अनियमितता, राशन डीलरों की मनमानी, खुले गड्ढों से होने वाली दुर्घटनाएं, और ऑनलाइन दाखिल-खारिज में भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को बिंदुवार उठाया गया।



पार्टी की ओर से यह भी मांग की गई कि परसुडीह रेलवे फाटक के पास जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण हो, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके। साथ ही, झूलते बिजली के तार, टूटी हुई स्ट्रीट लाइटें, पुराने खंभे, और बस्ती क्षेत्रों में पेयजल संकट जैसे मुद्दों पर शीघ्र समाधान की आवश्यकता जताई गई।



इस अवसर पर सुधांशु ओझा ने कहा, “भाजपा जनता की आवाज़ है और हम हर मुद्दे पर संघर्ष के लिए तैयार हैं। अगर समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होता, तो पार्टी जनता के साथ सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।” उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए गंभीरता से कार्रवाई की मांग की।



प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडेय, बबुआ सिंह, प्रदीप महतो, संजीव सिन्हा, रेणु शर्मा, अनिल मोदी, संजीव सिंह, पप्पू सिंह, जितेंद्र राय, विजय तिवारी, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, अखिल सिंह, नीतीश कुशवाहा, मंजीत सिंह, सागर राय, नीलू मछुआ, पोरेश मुखी, रमेश बास्के, उज्ज्वल सिंह, संजीत चौरसिया, संजय तिवारी, बिनोद राय, बजरंगी पांडेय, प्रशांत पोद्दार, अजीत सिंह, बबलू गोप, पवन सिंह, सूरज सिंह, विकास शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.