Jamshedpur : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को लुआबासा पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के प्रमुख विदेश सिन्हा तथा लीगल काउंसिल के सदस्य मनोज कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, पोक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी होने से लोग अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रभावी कदम उठा सकते हैं।
वहीं लीगल काउंसिल के सदस्यों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में वे डालसा से संपर्क कर निःशुल्क सहायता प्राप्त करें।
शिविर में डालसा के पीएलवी दिलीप जायसवाल, मनोज महतो, सुनीता कुमारी, रीना तिवारी और सुशांत महतो समेत लुआबासा पंचायत के मुखिया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कानूनी विषयों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया।
ग्रामीणों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित करने की मांग की।








