भनगांव–करमपदा में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम

SHARE:

Guwa:गुवा स्थित 26वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के निर्देश पर एफ/26वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा भनगांव, करमपदा (किरीबुरु) क्षेत्र में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन डॉक्टर ऋषभ शेखर, सहायक कमाण्डेन्ट अरविन्द कुमार रजक एवं निरीक्षक/जीडी मो. खान काठात के मार्गदर्शन में किया गया। चिकित्सा सहायता टीम का नेतृत्व डॉ. ऋषभ शेखर (वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी), 26वीं वाहिनी ने किया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रसाद एवं सहायक उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक/जीडी मो. खान काठात ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नक्सलियों एवं आपराधिक तत्वों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं जिला पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने जनहित में आयोजित इस सिविक एक्शन प्रोग्राम के लिए सीआरपीएफ के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Leave a Comment