Seraikela:नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के तिल्ला गांव में शनिवार रात हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद पीड़ित परिवारों के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि रविवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो गांव पहुंचीं और अग्निपीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना। आग की इस भयावह घटना में रमन दास, महेश दास एवं दिलीप दास के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे तीनों परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
आगजनी में घरों में रखे जेवरात, नगद राशि, कपड़े, अनाज, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सविता महतो ने तिल्ला गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनकी पीड़ा को गंभीरता से सुना और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने आपदा की इस घड़ी में तीनों परिवारों को कंबल, तिरपाल, सूखा राशन एवं आर्थिक सहयोग प्रदान किया, ताकि उन्हें तात्कालिक राहत मिल सके।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सरकार की महत्वाकांक्षी आबुआ आवास योजना के तहत पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर नीमडीह के अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सानू महतो, मंगल मांझी, मधु दास, बिशु दास, मंगल दास सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।









