Adityapur : “रक्तदान ही महादान है” के संकल्प के साथ ऑटो क्लस्टर, आदित्यपुर स्थित प्रमुख ऑटो कंपोनेंट निर्माता कंपनी क्रॉस लिमिटेड ने रविवार को अपना तीसरा वार्षिक रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर में कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 180 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कंपनी ने इस वर्ष 175 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा था, जिसे पार करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया गया।
शिविर का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर राय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्रॉस लिमिटेड व्यवसाय के साथ सामाजिक दायित्वों को भी पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकती है और इसी उद्देश्य से कंपनी प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन करती है।
सुबह से ही रक्तदान को लेकर कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम तक रक्त संग्रह का आंकड़ा 180 यूनिट तक पहुंच गया, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक रहा।
रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए कंपनी प्रबंधन की ओर से विशेष पहल की गई। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक दिन की सवैतनिक छुट्टी, आकर्षक उपहार और स्पेशल बुफे लंच प्रदान किया गया। कंपनी की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में कंपनी की मैनेजमेंट टीम की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान जीएम (एचआर) रमाकांत गिरी, सीओओ सतीश बंसोडे, राजेश प्रधान, रिभु रॉय, अरविंद सिंह, सुनील सिंह, सुनेत्रो भौमिक, तिजेश साहू, राजकुमार महतो, शुभम खामराई, पूजा महतो एवं अंशु सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रक्त संग्रह के लिए Voluntary Blood Donors Association (VBDA) की टीम ने विशेष सहयोग किया। VBDA की ओर से सुनील कुमार मुखर्जी और सचिव कमल कुमार घोष अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और शिविर को सुचारू रूप से संचालित कराया।
कार्यक्रम के समापन पर जीएम एचआर रमाकांत गिरी ने सभी रक्तदाताओं, VBDA की टीम एवं क्रॉस लिमिटेड के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से रक्तदान शिविर सफल रहा।

















