Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी विद्यार्थी डिग्री प्राप्त करने से वंचित न रह जाए, सत्र 2023-25 के विद्यार्थियों के लिए दीक्षांत समारोह से संबंधित प्रक्रिया की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि 7वें दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां वीर शहीद पोटो हो सभागार में प्रदान की जाएंगी। समारोह की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियां और संबंधित पदाधिकारी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
निर्धारित ड्रेस कोड में शामिल होंगे विद्यार्थी
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ड्रेस कोड निर्धारित किया है। पुरुष विद्यार्थियों को सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि महिला विद्यार्थियों को ऑफ-व्हाइट (क्रीम रंग) साड़ी अथवा सलवार-सूट पहनकर समारोह में शामिल होना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर दीक्षांत समारोह से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने की अपील की है।
















