Potka : पोटका प्रखंड अंतर्गत सोहदा पंचायत के बालीजुड़ी पंचायत भवन में आदिवासी बहुउद्देशीय उत्थान सरकारी समिति लिमिटेड की ओर से एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और कुल 80 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदाताओं से मिले विधायक, बढ़ाया उत्साह
विधायक संजीव सरदार ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंद के जीवन को बचाने के लिए रक्तदान करना मानव सेवा का पुनीत कार्य है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान जैसे जनसेवा के कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।
रक्तदाताओं को हेलमेट देकर किया सम्मानित
शिविर के आयोजक आदिवासी बहुउद्देशीय उत्थान सरकारी समिति लिमिटेड की ओर से रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से रक्तदाताओं में उत्साह देखने को मिला और शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विभिन्न संगठनों का मिला सहयोग
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में समिति के संजय मुर्मू, रघुनाथ हांसदा, सीमा बास्के, सरस्वती मुर्मू, सुमित्रा हेंब्रम, रघुनाथ मुर्मू और आकाश बांद्रा सहित ब्लडमैन राजेश मार्डी, हितेश मार्डी, रेटा मार्डी एवं बिशु मार्डी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में नई जिंदगी परिवार तथा RAF ग्लोबल फील्ड ऑफिस, पोटका की ओर से भी सहयोग प्रदान किया गया।
















