बाढ़ और जलजमाव की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का जेएनएसी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। भारी बारिश के चलते पूर्वी सिंहभूम जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ और जलजमाव से उत्पन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने JNAC अधिकारियों की संवेदनहीनता पर नाराजगी जताई और समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर पूर्व सूचना के बावजूद उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय नहीं दिया और मौके पर पहुंचने पर पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने विरोधस्वरूप कार्यालय परिसर में धरना देते हुए जमीन पर बैठकर अपना आक्रोश जताया।

इस दौरान उप नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे और प्रतिनिधियों को भीतर बुलाया। बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ एवं जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों में नालियों की सफाई, कचरा निष्पादन, कीचड़ हटाने, ब्लीचिंग पाउडर एवं दवा छिड़काव जैसे आवश्यक कार्यों की अविलंब आवश्यकता बताई।



उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्थल निरीक्षण और त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में भी जलजमाव की विकट समस्या बनी हुई है और वहां भी त्वरित हस्तक्षेप जरूरी है।

उन्होंने कहा कि अगर नगर निकाय समस्याओं के समाधान में विफल रहा तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन सरकार में इस तरह की लापरवाही जनता में सरकार की छवि को नुकसान पहुँचा रही है।

कांग्रेस ने बारीडीह बस्ती, भोजपुर कॉलोनी, मिथिला कॉलोनी, नागाडुंगरी, नन्दनगर, भुईयाडीह, कान्हूभट्टा, लालभट्टा, बाबुडीह, नेहरू कॉलोनी, स्लैग रोड, काशीडीह बगान, शास्त्री नगर, रामनगर, ग्रीन पार्क, मानगो, वैकुंठ नगर, श्यामनगर, कुंवर बस्ती, दाईगुट्टू, चाणक्यपुरी, वर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी, झगड़ू बगान, जेम्को आजाद बस्ती, हिंद कुष्ठ आश्रम, जोजोबेडा, मनीफिट चौक और बिस्कुट फैक्ट्री रोड समेत कई क्षेत्रों का नाम लेते हुए कहा कि इन इलाकों में पानी घरों तक घुस गया है, सड़कों पर कीचड़ जमा है और नालों की स्थिति बदतर है।

इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें ऊषा सिंह, सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, अशोक सिंह, देबु चटर्जी, धर्मा राव, गुरदीप सिंह, नलिनी सिन्हा, विनोद यादव, चन्द्रवती पाल, सुरेन्द्र शर्मा, राजकिशोर प्रसाद, चिन्ना राव, बबुआ झा, हरिहर प्रसाद, राजेश कुमार, सतीश कुमार, संजय कुमार, प्रितपाल सिंह, शमशेर आलम, रंजीत सिंह, रंजीत झा, कुमार गौरव, सन्नी सिंह, निखिल कुमार, सुनीता मिश्रा सहित अन्य शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें