Champai Soren बोले- बंगाल के बाद अब झारखंड में भी होगा बड़ा राजनीतिक बदलाव

SHARE:

Adityapur  : Champai Soren ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के बाद अब झारखंड की जनता भी जाग चुकी है और आने वाले समय में राज्य में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिम बंगाल दौरे से लौटने के दौरान चांडिल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता पप्पू वर्मा और राकेश वर्मा के आवास पर झाल मुड़ी पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने Narendra Modi को याद करते हुए झाल मुड़ी का आनंद लिया और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की।

चांडिल में मीडिया से बातचीत करते हुए चंपाई सोरेन ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कपाली क्षेत्र में गांवों के नाम बदलकर इस्लाम नगर किए जा रहे हैं और क्षेत्र की डेमोग्राफी बदलने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल जैसी स्थिति अब झारखंड में भी बनती दिख रही है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब सब समझ चुकी है और तुष्टिकरण की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली। आने वाले समय में राज्य में बड़ा बदलाव होगा और भाजपा मजबूती से उभरेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

वहीं पप्पू वर्मा के आवास पर आयोजित झाल मुड़ी पार्टी भी चर्चा का केंद्र बनी रही। कार्यकर्ताओं ने इसे आने वाली राजनीतिक जीत का संकेत बताया। कार्यक्रम में भाजपा परिवार के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। चांडिल में चंपाई सोरेन के दौरे और बयान के बाद इलाके की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

Leave a Comment