Adityapur : आगामी भारत जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को अपने आवासीय कार्यालय से निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की और जिलेवासियों से भी इसमें सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक अपने एवं अपने परिवार की सही और अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनेंगे। उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़े भविष्य में विद्यालय, अस्पताल, सड़क एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से निर्धारित अवधि के भीतर se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमने अपनी जिम्मेदारी निभाई, अब आपकी बारी है।”
उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। स्व-गणना के बाद गणनाकर्मी द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, जिससे संपूर्ण प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।










