चाईबासा में यू-डाइस प्लस प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, 182 विद्यालयों के प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण

SHARE:

Chaibasa : प्रखंड संसाधन केंद्र, सदर चाईबासा स्थित कार्यालय में शनिवार को यू-डाइस प्लस (UDISE+) से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल समापन हुआ। यह कार्यशाला 28 अप्रैल से प्रारंभ हुई थी, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यालयों से सटीक और त्रुटिरहित शैक्षणिक आंकड़ों का संग्रहण एवं अद्यतीकरण सुनिश्चित करना था।

राज्य एवं जिला कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट (www.udiseplus.gov.in) पर आधारित तीन प्रमुख मॉड्यूल—स्टूडेंट्स मॉड्यूल, टीचर मॉड्यूल तथा प्रोफाइल एवं फैसिलिटीज—पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में प्रखंड के कुल 182 विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी विद्यालयों को 12 संकुलों में विभाजित कर प्रतिदिन तीन-तीन बैच में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को चरणबद्ध और प्रभावी तरीके से जानकारी दी जा सके।

कार्यशाला में प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक, संबंधित संकुल के प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी, आईसीटी इंस्ट्रक्टर एवं लिपिकों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशिक्षण के दौरान डेटा एंट्री की प्रक्रिया, त्रुटि सुधार और समयबद्ध अपलोडिंग के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में एमआईएस को-ऑर्डिनेटर कुणाल गौतम, डाटा ऑपरेटर मिनिमय कुमार डे तथा सभी प्रखंड एवं संकुल साधन सेवियों का अहम योगदान रहा।

प्रशिक्षण के समापन के साथ ही अब सभी विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा के भीतर यू-डाइस प्लस पोर्टल पर सटीक और अद्यतन आंकड़े अपलोड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि शिक्षा व्यवस्था की सही तस्वीर सामने आ सके और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।

Leave a Comment