स्वर्णरेखा नदी के बालू घाटों पर छापा, अवैध परिवहन रोकने को रास्तों पर बनाए गए ट्रेंच

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर सरायकेला–खरसावाँ जिले में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जिला खनन विभाग और ईचागढ़ थाना की संयुक्त टीम ने शनिवार को स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न बालू घाटों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के दौरान ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोड़ो, जारगोडीह, पुरानडीह और वीरडीह बालू घाटों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान इन घाटों पर किसी भी प्रकार की तत्काल अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई, लेकिन कुछ स्थानों पर ट्रैक्टर वाहनों के टायर के निशान मिलने से संभावित अवैध परिवहन की आशंका जताई गई।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने संभावित अवैध मार्गों की पहचान की और उन रास्तों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) बनाकर आवागमन बाधित कर दिया। प्रशासन का मानना है कि इस कदम से भविष्य में अवैध बालू परिवहन पर प्रभावी रोक लगेगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में कहीं भी खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे अभियानों को लगातार और प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन माफियाओं पर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.