चाईबासा में सड़क दुर्घटना का कहर: एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

SHARE:

Chaibasa:पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में सुखलाल हांसदा (निवासी–जुनाबेड़ा) की मौत हो गई, जबकि फूलचंद वोयपाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चक्रधरपुर प्रखंड के इटीहासा गांव के पास देर शाम हुआ।

दोनों युवक मोटरसाइकिल से खुंटपानी की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुखलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल फूलचंद को तत्काल चाईबासा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति चिंता जनक बनी हुई है।

फूलचंद वोयपाई, जो इस हादसे में बच गए, दर्द से कराहते हुए बोले—
“हादसा इतनी तेजी से हुआ कि कुछ समझ ही नहीं आया… दोस्त को खोने का दुख सबसे बड़ा है।”

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था करने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में सुखलाल की मौत से मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधा रहे हैं।

Leave a Comment