बीएसएनएल एक्सचेंज ऑफिस से चार लाख के कार्ड और केबल की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : बीएसएनएल के कंदरी, मांडर स्थित मुख्य एक्सचेंज कार्यालय में सोमवार रात चोरों ने सेंधमारी करते हुए करीब चार लाख रुपये के महत्त्वपूर्ण उपकरण – कार्ड और केबल चोरी कर लिए। घटना ने न केवल विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को लेकर आमजन में भय का माहौल भी बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने एक्सचेंज की चहारदीवारी पर लगे लोहे के कंक्रीट तार को काटकर अंदर प्रवेश किया और फिर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर कार्यालय में घुस गए। बीएसएनएल के एसडीओ प्रत्युष पाठक को सोमवार रात 10:48 बजे इंटरनल एप से अलर्ट मिला कि मांडर के साथ-साथ इसके अधीन कुल 11 एक्सचेंजों की सेवा अचानक बंद हो गई है।

आशंका के आधार पर उन्होंने मांडर थाना को तत्काल सरकारी नंबर (9431706187) और एक निजी स्टाफ के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन किसी प्रकार का उत्तर नहीं मिला। इसके बाद रात 11:15 बजे दो कर्मचारियों – शमसुद्दीन अंसारी और धर्मेंद्र तिग्गा – को स्थल पर भेजा गया। उन्होंने मौके से आवाजें सुनने की बात कही और पुलिस को 11:25 बजे 100 नंबर पर कॉल कर सूचना दी, लेकिन तब तक चोर घटनास्थल से भाग चुके थे।

एसडीओ प्रत्युष पाठक ने मांडर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व दो बार और एक्सचेंज में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक चोरों को पकड़ने में विफल रही है।

क्षेत्र में डर का माहौल

मांडर के कंदरी मोड़ क्षेत्र में चोरी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। लगभग एक सप्ताह पहले रेफरल अस्पताल मांडर के एक सेवानिवृत्त कर्मी के घर से करीब 10 लाख के सामान चोरी हो चुके हैं। वहीं, कुछ महीने पहले एक स्थानीय पत्रकार के घर में भी चोरी की घटना हुई थी।

पुलिस जांच जारी
मांडर थाना प्रभारी राहुल के अनुसार, “कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।” पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें