झमाझम बारिश से खिल उठे किसान के चेहरे, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : क्षेत्र में बुधवार की रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। इस बारिश ने जहां आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के चेहरों पर भी लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई है। बारिश की कमी के कारण लंबे समय से चिंतित किसान अब खेतों की ओर रुख करने लगे हैं।

रात करीब नौ बजे के बाद मौसम में बदलाव दिखा और आसमान में काले बादल छाने लगे। गरज और चमक के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और ऊमस से काफी राहत मिली। बारिश की इस फुहार ने जहां जनजीवन को थोड़ी ठंडक दी, वहीं कृषि कार्यों को गति देने में भी मदद की है।

किसानों ने ली राहत की सांस

स्थानीय किसानों के अनुसार बारिश नहीं होने की वजह से मक्का की बुआई में देरी हुई थी और जो फसल बोई गई थी, वह भी सूखने की कगार पर पहुंच चुकी थी। साथ ही धान के बिचड़े भी पानी की कमी से मुरझाने लगे थे। साधन-सम्पन्न किसानों ने पंपसेट से किसी तरह फसलों को बचाने की कोशिश की, लेकिन खेतों में दरारें पड़ने लगी थीं जिससे फसलों को नुकसान की आशंका गहराने लगी थी।

लेकिन बुधवार की रात से हुई अच्छी बारिश ने किसानों की उम्मीदें फिर से जगा दी हैं। सुबह होते ही किसान कुदाल और हल लेकर खेतों की ओर निकल पड़े। खेतों में हरकत शुरू हो गई है। किसान उम्मीद कर रहे हैं कि यदि अगले कुछ दिन और इसी तरह बारिश होती रही तो धान की रोपनी समय पर हो सकेगी और फसल उत्पादन बेहतर होगा।

आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद

इस बारिश से केवल खेती ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। कृषि गतिविधियां तेज होंगी और मजदूरों को भी काम मिलेगा, जिससे उनकी आय में इजाफा होगा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की जानकारी के अनुसार ही खेतों में काम करें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें