Adityapur : झारखंड युवा मोर्चा (झायुमो) के जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन के खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोलते हुए उनके हालिया बयानों की कड़ी आलोचना की है। बुधवार को आदित्यपुर एस-टाइप स्थित भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने झामुमो पर विकास कार्यों में बाधा डालने और जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि हाल ही में आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर झायुमो जिला अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान भ्रामक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जिला उपायुक्त के निर्देश पर प्रशासन द्वारा की जा रही है और इसमें मेयर या भाजपा की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजय सरदार लगातार आम जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास को लेकर सक्रिय हैं, लेकिन झामुमो के कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
नगर निगम चुनाव के दौरान विधायक चंपई सोरेन द्वारा भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजय सरदार के पक्ष में प्रचार नहीं करने के सवाल पर भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह कार्य करती है और विधायक चंपई सोरेन तथा मेयर संजय सरदार के बीच बेहतर समन्वय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास और जनता के हित में सभी निर्णय संगठन, विधायक और मेयर मिलकर लेंगे।
प्रेस वार्ता में गणेश कालिंदी, दिनेश कुमार उर्फ बबलू सिंह, देवेश महापात्रा, किशन प्रधान, गुरजीत सिंह, बिशु महतो, दिनेश साह, नीरु सिंह, सपन दास, पवन महतो एवं पाव सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।












