Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी कदमा मंडल के कुछ BLA-2 सदस्यों ने रविवार को आयोजित BLA-2 बैठक की प्रक्रिया और स्वरूप पर सवाल उठाते हुए जिला नेतृत्व की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है।
जारी बयान में डी.एन. सिंह और अजीत सिंह ने कहा कि BLA-2 की बैठक मंडल स्तर पर आयोजित होनी चाहिए थी, लेकिन जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर और साकची पश्चिम मंडल की संयुक्त बैठक चित्रगुप्त भवन, सोनारी में आयोजित की गई। उनका आरोप है कि यह व्यवस्था प्रदेश संगठन के निर्देशों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने बताया कि कदमा मंडल में 74, सोनारी में 58, बिष्टुपुर में 32 तथा साकची पश्चिम में 16 बूथ हैं। इस प्रकार कुल 180 बूथों वाले पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के लिए BLA-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका दावा है कि जिस स्थान पर बैठक आयोजित की गई, वहां सीमित संख्या में ही लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जिससे सभी संबंधित कार्यकर्ताओं की भागीदारी संभव नहीं हो सकी।
बयान में यह भी कहा गया कि कदमा मंडल के 40 BLA-2 सदस्यों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दिया है और नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष के साथ कार्य करने में असमर्थता जताई है। इस संबंध में जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को पत्र भी सौंपा गया है।
असंतुष्ट कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अन्य विधानसभा क्षेत्रों में BLA-2 की बैठकें मंडल स्तर पर आयोजित की गईं, जबकि पश्चिम विधानसभा में कई मंडलों को मिलाकर संयुक्त बैठक की गई। उन्होंने इसे कोरम पूरा करने का प्रयास बताते हुए जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाए हैं।
हालांकि, इस संबंध में भाजपा जिला नेतृत्व या संबंधित पदाधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। उनका पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।








