भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और सीबीआई जांच की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली एवं अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से हाथों में तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र आंदोलन के दौरान और उसके बाद विभिन्न थानों में छात्रों पर दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने, जेपीएससी-जेएसएससी की जिन परीक्षाओं को कथित धांधली एवं अनियमितताओं के कारण रद्द या स्थगित किया गया है, उनकी सीबीआई जांच की अनुशंसा करने तथा मामले में जिम्मेदार आयोग के सदस्यों, पदाधिकारियों, परीक्षा एजेंसी और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

दोषियों को संरक्षण और छात्रों पर कार्रवाई, यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा : डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों ने झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि करीब 26 दिनों तक छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया, लेकिन उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय उन पर मुकदमे दर्ज किए गए।

उन्होंने कहा कि नौकरी और पारदर्शी भर्ती की मांग करना अपराध नहीं है। सरकार छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस ले और भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराए। पेपर लीक, पेपर सौदेबाजी या भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता के लिए जो भी जिम्मेदार हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा युवाओं के हित और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाए : मधु कोड़ा

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि झारखंड के युवा अपने अधिकार और भविष्य के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और धांधली के आरोपों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी को सामान्य प्रशासनिक चूक नहीं माना जा सकता। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

युवाओं को डराकर सरकार अपनी नाकामी नहीं छिपा सकती : अभय सिंह

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय मुकदमों और दमन का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों ने भर्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यदि सरकार को अपनी व्यवस्था और आयोग की कार्यप्रणाली पर भरोसा है तो सीबीआई जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए।

छात्रों की आवाज दबाने में लगी है सरकार : मेनका सरदार

पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में युवाओं के साथ लगातार अन्याय हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी युवा अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़क पर उतरे, उनकी आवाज सुनने के बजाय लाठी और मुकदमों के जरिए दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने सरकार से भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

छात्रों के भविष्य का सौदा करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी : संजीव सिन्हा

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवा वर्षों से रोजगार और पारदर्शी भर्ती परीक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कारण मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों मेहनत कर परीक्षा देने वाले छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का अधिकार किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के धैर्य की परीक्षा न ले। भाजपा छात्रों और युवाओं की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद करेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, राजन सिंह, राजेश शुक्ल, योगेश मल्होत्रा, अनिल मोदी, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, रमेश हांसदा, कुसुम पूर्ति समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें