BJPJamshedpur : रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने संगोष्ठी का आयोजन, सुशासन और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर द्वारा पुण्यश्लोक लोकमाता रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर उनके जीवन और कार्यों पर आधारित एकदिवसीय संगोष्ठी बुधवार को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। संगोष्ठी का नेतृत्व जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए।



संगोष्ठी में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व सांसद आभा महतो सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। वक्ताओं ने रानी अहिल्याबाई होलकर के दूरदर्शी शासन, धार्मिक सहिष्णुता, समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया।



प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में रानी अहिल्याबाई के सुशासन, धर्म और सेवा भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन सामाजिक न्याय और नारी सशक्तिकरण का आदर्श है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महारानी अहिल्याबाई की विरासत को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व के प्रयासों से अब ये महान विभूतियां देश के समक्ष पुनः प्रकट हो रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को “शक्ति की आराधना” के लिए धन्यवाद दिया।



सांसद विद्युत वरण महतो ने रानी अहिल्याबाई के जनसेवा के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी उनकी सच्ची कद्र नहीं की, जबकि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ऐसे नायकों को याद करता है। विधायक पूर्णिमा साहू ने रानी अहिल्याबाई को केवल एक शासिका नहीं बल्कि धर्म, न्याय और स्त्री शक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने रानी के धार्मिक स्थल निर्माण जैसे कार्यों का उल्लेख किया, जिनमें काशी का विश्वनाथ मंदिर भी शामिल है।



महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी को रानी अहिल्याबाई के विचारों को जानने और आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अभय सिंह, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव सहित कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.