Jamshedpur : झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही अपने दो दिवसीय जमशेदपुर प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। सोमवार को उन्होंने भाजपा जमशेदपुर महानगर की विभिन्न बैठकों में भाग लेकर संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बिष्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, आगामी कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी बबन गुप्ता भी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझाव, अनुभव और भावनाओं का सम्मान भाजपा की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और उनकी समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्षों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व जिला पदाधिकारियों एवं निवर्तमान मंडल अध्यक्षों के साथ अलग बैठक कर संगठन की जमीनी स्थिति पर चर्चा की तथा उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव संगठन की अमूल्य पूंजी है, जिसका लाभ लेकर भाजपा जनसेवा और संगठन विस्तार के अभियान को और गति देगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बीते एक माह के दौरान जिले में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण के बल पर भाजपा महानगर संगठन और जनहित से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।
जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने जिले में सफलतापूर्वक आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और आवश्यक संगठनात्मक तैयारियों पर अपने विचार साझा किए।
शाम के समय भानु प्रताप शाही ने मानगो स्थित एक होटल में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके सुझाव सुने।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को भानु प्रताप शाही विचार परिवार के वरिष्ठजनों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा सीतारामडेरा एवं गोलमुरी मंडल में बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा करेंगे।








