पूर्व जिला पार्षद के प्रयास से दो मेधावी छात्राओं का इंटर साइंस में हुआ नामांकन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका प्रखंड की दो आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्राओं का इंटर साइंस में नामांकन पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल के प्रयास से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सुंदरनगर में कराया गया। नामांकन होने के बाद छात्राओं और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली तथा करुणामय मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, डोमजुड़ी गांव की सुमन प्रमाणिक और शंकरदा गांव की अनुराधा रजक ने मैट्रिक परीक्षा में अच्छे अंकों के साथ सफलता हासिल की थी। दोनों छात्राओं की इच्छा विज्ञान संकाय से आगे की पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने की थी, लेकिन आर्थिक एवं अन्य व्यवस्थागत कठिनाइयों के कारण वे इंटर में नामांकन नहीं करा पा रही थीं।

समस्या की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल ने स्वयं पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद सक्रिय पहल की। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सुंदरनगर की वार्डेन एवं जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर छात्राओं की स्थिति से अवगत कराया और उनके नामांकन का अनुरोध किया।

लगातार प्रयासों के बाद दोनों छात्राओं का इंटर साइंस में नामांकन सुनिश्चित हो गया। नामांकन पाने वाली छात्राओं में सुमन प्रमाणिक (पिता–कोकिल प्रमाणिक, ग्राम–डोमजुड़ी) तथा अनुराधा रजक (पिता–सुबीर रजक, ग्राम–शंकरदा) शामिल हैं।

करुणामय मंडल ने सहयोग के लिए शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया। वहीं छात्राओं के अभिभावकों ने भी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। नामांकन के बाद दोनों छात्राओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने आगे की पढ़ाई पूरी लगन से करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.