विधायक सरयू राय की पहल पर जेएनएसी ने शुरू की नई व्यवस्था, 6 ई-वाहनों का उद्घाटन

SHARE:

Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को जेएनएसी (जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति) कार्यालय परिसर में बैटरी चालित छह डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले वाहनों का उद्घाटन विधायक सरयू राय ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

करीब 14 लाख 70 हजार रुपये की लागत से खरीदे गए इन ई-वाहनों के जरिए अब शहर की संकरी गलियों तक आसानी से पहुंचकर कूड़ा संग्रहण किया जा सकेगा। इसके साथ ही जमशेदपुर झारखंड का पहला शहर बन गया है, जहां बैटरी चालित वाहनों को डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के कार्य में लगाया गया है।

उद्घाटन के दौरान विधायक सरयू राय ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश के कुशीनगर दौरे के दौरान उन्होंने बैटरी चालित कूड़ा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था देखी थी, जिससे वे काफी प्रभावित हुए थे। उसी मॉडल को जमशेदपुर में लागू करने की दिशा में उन्होंने पहल की। लगभग एक वर्ष की प्रक्रिया के बाद यह योजना धरातल पर उतर सकी।

उन्होंने कहा कि बैटरी से चलने वाले वाहन पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री द्वारा ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील के मद्देनजर यह पहल बेहद उपयोगी साबित होगी।

सरयू राय ने उम्मीद जताई कि जमशेदपुर की तरह राज्य की अन्य नगरपालिकाएं भी भविष्य में बैटरी चालित वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देंगी। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा संकरी बस्तियों और गलियों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर स्वच्छता सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Comment