Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से बनी हुई प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से कर दिया। उन्होंने विद्यालय के दोनों कक्षों में चार एलईडी ट्यूब लाइट तथा विद्यालय परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में स्कूल में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक के दौरान समस्या से अवगत होने के बाद झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से विद्यालय में लाइट लगाने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को उन्होंने अपना वादा निभाते हुए विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट और परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया।
नई लाइटें लगने से अब विद्यार्थियों को पर्याप्त रोशनी में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षण कार्य और अधिक सुगम होगा। वहीं शिक्षकों को भी कक्षाओं में पढ़ाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। विद्यालय परिसर के बाहर हैलोजन लाइट लगने से शाम के समय अंधेरे की समस्या भी दूर होगी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने के साथ असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए भी वे लगातार प्रयास करती रहेंगी।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी और शिक्षिका सरिता कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए झरना मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से विद्यालय के शैक्षणिक माहौल में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, सीमा पांडे, प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

















