Jamshedpur : पोटका प्रखंड की चाकड़ी पंचायत अंतर्गत पोड़ाहातू गांव में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग मंगलवार को पूरी हो गई। झारखंड सरकार के जल संसाधन (लघु सिंचाई) विभाग की ओर से रामगढ़ नाला में बनने वाले एकल चेकडैम निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने पूजा-अर्चना के साथ किया। लगभग 72 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह चेकडैम क्षेत्र के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन पानी की कमी के कारण किसानों को हर वर्ष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के बाद सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से खेती प्रभावित होती थी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने जब इस समस्या से उन्हें अवगत कराया, तब उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखा। सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद अब इस योजना का कार्य शुरू हो रहा है। विधायक ने विश्वास जताया कि चेकडैम निर्माण के बाद किसानों को वर्षभर सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

विधायक ने संवेदक को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी करने की अपील की ताकि योजना का लाभ लंबे समय तक क्षेत्र को मिल सके।
इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि हेमंत सरकार गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
शिलान्यास कार्यक्रम में मुखिया संगीता सरदार, वार्ड सदस्य मालती सरदार, गणेश सरदार, ग्रामप्रधान बिनोद सरदार, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, मनोज सरदार, धनेश्वर सरदार, धीरेन सरदार, हेमसिंह सरदार, धनपति सरदार, मैथिसन सरदार, पोको सरदार, भुवनेश्वर सरदार, बिरेन पात्र, साइबनी सरदार, उर्मिला सरदार, बसंती सरदार, अगंती सरदार एवं संजय सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार की जनसमर्पित कार्यशैली और क्षेत्रीय विकास को लेकर उनकी सक्रियता की सराहना की।










