Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला उद्योग केंद्र द्वारा आरएएमपी (RAMP) योजना अंतर्गत जिला स्तरीय अभिविन्यास कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आदित्यपुर स्थित होटल नोवांता के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्घाटन जियाडा (Jharkhand Industrial Area Development Authority) के रीजनल डेप्युटी डायरेक्टर दिनेश रंजन, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद, अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी तथा National Bank for Agriculture and Rural Development (नाबार्ड) की जिला विकास प्रबंधक चंदना मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यशाला में रांची से आए विशेषज्ञों—इशा सिंह और आदिती—ने महिला उद्यमियों को व्यवसाय स्थापना, संचालन एवं विस्तार, वित्तीय प्रबंधन, बाजार उपलब्धता तथा उद्यम विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय एवं तकनीकी सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस दौरान जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से आई स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं और व्यक्तिगत स्तर पर उद्योग-व्यवसाय संचालित करने वाली महिला उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में महिलाओं को उद्यमों के पंजीकरण, वित्तीय संस्थानों से समन्वय तथा बाजार से जुड़ाव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने, स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में इस तरह के कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।
यह कार्यशाला महिलाओं के लिए न केवल सीखने का मंच साबित हुई, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक मजबूत प्रेरणा भी प्रदान की।











