Adityapur : क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस बल ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त के साथ चारपहिया वाहनों से भी निगरानी की। इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता देखने को मिली।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
गश्त के दौरान थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने आम नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए इस तरह के विशेष अभियान और गश्त आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

















