Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम की चौथी बोर्ड बैठक शनिवार को मेयर संजय सरदार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित नगर निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। बैठक में नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कचरा संग्रहण वाहनों की कमी को दूर करने के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत नई कचरा गाड़ियां खरीदी जाएंगी। साथ ही सफाई व्यवस्था का वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष मूल्यांकन कराने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) से जुड़ी एक निजी एजेंसी से सर्वे कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत कचरे का उपयोग कर बायोगैस एवं बिजली उत्पादन की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की प्रमुख समस्याओं को रखा। साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सड़क, नाला और पुलिया निर्माण जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मेयर संजय सरदार ने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतें—पानी, बिजली और सफाई—नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने एक माह का विशेष लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों का प्रभाव दिखाई दे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के अनुसार सड़क, नाला और पुलिया निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
















