नुक्कड़ नाटकों से गूंज रहा स्वच्छता का संदेश, आदित्यपुर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम तेज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड राज्य स्वच्छता अभियान के तहत आदित्यपुर नगर निगम के निर्देश पर क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शहर के सभी वार्डों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान में गीता थिएटर के युवा कलाकार वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर नागरिकों को कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। मनोरंजक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को स्वच्छता के महत्व और आधुनिक कचरा प्रबंधन की जानकारी सरल भाषा में दी जा रही है।

नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को घरों में ही गीले, सूखे, इलेक्ट्रॉनिक और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण के लिए नुकसानदायक सिंगल-यूज़ प्लास्टिक और थर्माकोल उत्पादों के उपयोग को पूरी तरह बंद करने का आह्वान किया जा रहा है।

अभियान के दौरान लोगों से यह भी अपील की जा रही है कि वे सड़कों, गलियों और नालियों में कचरा फेंकने के बजाय आदित्यपुर नगर निगम एवं क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट द्वारा संचालित कचरा संग्रहण वाहनों का शत-प्रतिशत उपयोग करें। इससे न केवल शहर स्वच्छ रहेगा, बल्कि कचरा प्रबंधन व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी।

नाट्य प्रस्तुतियों के समापन पर गीता थिएटर के कलाकार उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार की शपथ भी दिला रहे हैं। इस पहल को स्थानीय लोगों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।

क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट और आदित्यपुर नगर निगम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कहा कि आदित्यपुर को देश के स्वच्छतम शहरों की श्रेणी में शामिल करना उनका प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए जनभागीदारी और नागरिकों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जागरूकता फैलाने का एक प्रभावी और मनोरंजक माध्यम है, जिससे स्वच्छता का संदेश सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।

प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस जनजागरूकता अभियान से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा और शहर की सड़कें, गलियां तथा नालियां स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त नजर आएंगी। साथ ही सभी वार्ड पार्षदों और नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.