Patamda : डिजिटल दौर में बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोबरघुसी में सोशल मीडिया एवं डिजिटल हाइजीन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप, यूट्यूब, गूगल सर्च, चैटजीपीटी एवं ऑनलाइन गेम्स के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। चित्रकथाओं, रोचक उदाहरणों और संवाद के माध्यम से बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क नहीं करने तथा इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने के बारे में बताया गया।
तरुण कुमार ने कहा कि डिजिटल तकनीक शिक्षा, ज्ञानवर्धन और रचनात्मकता का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके सही उपयोग से बच्चों के लिए सीखने के नए अवसर खुलते हैं, लेकिन इसका अत्यधिक और असावधानीपूर्ण इस्तेमाल पढ़ाई एवं दैनिक जीवन को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने बच्चों को अभिभावकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन में डिजिटल प्लेटफॉर्म का संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने भी अपनी ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल माध्यमों के अनुभव साझा किए। मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य उपेंद्र बेसरा, हरप्रीत कौर, चंद्रशेखर आचार्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

















