Adityapur : पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के बैनर तले पत्रकारों ने एकजुटता प्रदर्शित की। क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्री मांगपत्र सौंपा।
मीडिया से बातचीत करते हुए महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि संविधान में प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की बुनियाद है। पत्रकारों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस तत्परता से पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी हुई, उसी तत्परता से विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज मामले में भी विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।
नौ सूत्री मांगों में निष्पक्ष जांच और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग
प्रेस क्लब ने दोनों मामलों की जांच के लिए स्वतंत्र विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने, अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के कानूनी आधार की समीक्षा करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने तथा राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी उठाई गई है।
क्लब ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं है, बल्कि कानून के समान अनुपालन, प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रेस क्लब ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित संज्ञान नहीं लिया गया तो अन्य पत्रकार संगठनों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

















