Jamshedpur : राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव एवं ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में डिमना चौक से गजानंद फैक्ट्री, धालभूमगढ़ तक विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से पार्क किए गए तथा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों की जांच की गई। इस क्रम में कुल 27 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन पार्क न करें और यातायात नियमों का पालन करें। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के साथ-साथ आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाया जा सकेगा।

















